काठमांडो: भारत-नेपाल संबंधों में आई तल्खी के बीच उप प्रधानमंत्री कमल थापा ने आज कहा कि नेपाल एक देश के साथ अपने संबंधों की तुलना किसी दूसरे देश के साथ रिश्तों से नहीं करता तथा उन्होंने भारत और चीन दोनों के साथ सहयोगात्मक और मित्रवत आदान-प्रदान की पैरवी की।
दोनों देशों के साथ दोस्ती का आधार है अलग-अलग
थापा नेपाल के विदेश मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा, हम एक देश के साथ अपने संबंधों की तुलना किसी दूसरे के साथ संबंधों से नहीं करते हैं। हर देश के लिए मित्रता और सहयोग को चिन्हित करने वाले आधार एवं तथ्य अलग-अलग होते हैं तथा हर द्विपक्षीय संबंध बेहतरीन होता है।
भारत और चीन की शानदार आर्थिक तरक्की का लेना चाहते हैं लाभ
काठमांडो आधारित विदेशी राजनयिकों के साथ बातचीत में थापा ने कहा कि भारत और चीन शानदार आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे में विकास, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अपने लोगों की जीवन स्तर को बदलने में शानदार प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हम इनकी प्रगति से प्रेरित हैं। उनके बीच स्थित होने से हमारा वाजिब इरादा यह है कि उनकी समृद्धि का लाभ ले सकें। भले ही नेपाली नेता अब ऐसी बातें कह रहे हैं, लेकिन यह भी सच है कि भारत ने हमेशा नेपाल की मदद एक सच्चे मित्र राष्ट्र की तरह की है। दोनों देशों के बीच जिस तरह की सांस्कृतिक व सामाजिक एकता है, वैसी नेपाल और चीन के बीच नहीं है।