1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान में Coronavirus के संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार हुई

ईरान में Coronavirus के संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार हुई

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 01, 2020 09:03 pm IST,  Updated : Apr 01, 2020 09:03 pm IST

ईरान में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बुधवार को तीन हजार के पार हो गई। इस बीच, राष्ट्रपति हसन रुहानी ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह प्रतिबंध हटाने का ऐतिहासिक मौका गंवा रहा है। 

ईरान में Coronavirus के संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार हुई - India TV Hindi
ईरान में Coronavirus के संक्रमण से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार हुई 

तेहरान: ईरान में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बुधवार को तीन हजार के पार हो गई। इस बीच, राष्ट्रपति हसन रुहानी ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह प्रतिबंध हटाने का ऐतिहासिक मौका गंवा रहा है। उल्लेखनीय है कि 2018 में ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से हटने और प्रतिबंध दोबारा लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले के बाद से दोनों देशों के संबंधों में तनाव है। 

ईरान कोरोना वायरस की महामारी के चलते अमेरिका से लगातार अपनी नीति में बदलाव करने का आह्वान कर रहा है जिसका अमेरिका के सहयोगी विरोध कर रहे हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता कियानोश जहांपुर ने बताया कि गत 24 घंटे में 138 और लोगों की मौत के साथ देश में अबतक कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 3,036 से हो गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,987 नये मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या 47,593 हो गई है। 15,473 लोग ठीक हो गए हैं। 

मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान टीवी पर टिप्पणी करते हुए रोहानी ने कहा, ‘‘ यह अमेरिकियों के लिए बेहतरीन और ऐतिहासिक मौका है जब वे अपने गलत रास्ते को बदल लें और देश को बताएं कि वे ईरानी जनता के खिलाफ नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वे इस कठिन वैश्विक संकट के समय भी सबक नहीं ले रहे हैं। यह मानवता का मामला है। कोई उनपर पीछे हटने का आरोप नहीं लगाएगा।’’ 

उल्लेखनीय है कि दवाएं और चिकित्सा उपकरण अमेरिकी प्रतिबंध से बाहर है लेकिन उनकी खरीददारी को लगातार बाधित किया जाता है क्योंकि बैंक अमेरिका में भारी भरकम जुर्माना लगने की डर से भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने के प्रति अनिच्छुक हैं। अजरबैजान, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, जर्मनी, जापान,कतर, रूस और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों ने दवाओं से भरे जहाज ईरान भेजे हैं। जर्मनी ने मंगलवार को बताया कि यूरोपीय संघ ने अमेरिकी प्रतिबंध से बचने के लिए स्थापित इंटेक्स फाइनेंशिंग मैकेनिज्म के तहत पहली बार दवाओं की आपूर्ति ईरान को की है।

 

 

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश