1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंका ने आपातकाल बढ़ाकर सबको चौंकाया

श्रीलंका ने आपातकाल बढ़ाकर सबको चौंकाया

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 22, 2019 03:19 pm IST,  Updated : Jun 22, 2019 03:19 pm IST

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शनिवार को देश में लगे आपातकाल की समयावधि और बढ़ा दी। द्वीप राष्ट्र में अप्रैल में ईस्टर रविवार को हुए धमाकों के बाद सुरक्षा कारणों के चलते आपातकाल घोषित किया गया था।

श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना- India TV Hindi
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना Image Source : AP

कोलंबो: श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शनिवार को देश में लगे आपातकाल की समयावधि और बढ़ा दी। द्वीप राष्ट्र में अप्रैल में ईस्टर रविवार को हुए धमाकों के बाद सुरक्षा कारणों के चलते आपातकाल घोषित किया गया था। इन धमाकों में 258 लोगों की जान चली गई। मैत्रीपाला सिरिसेना ने कहा कि उनका मानना है कि देश में ‘‘सार्वजनिक आपातकाल’’ था और वह आपातकाल की स्थिति को बढ़ाते हुए सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों को लागू कर रहे हैं। 

संदिग्धों को पकड़ने और हिरासत में लेने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को व्यापक अधिकार देने वाला यह सख्त कानून शनिवार को समाप्त होने वाला था। कोलंबो में तीन गिरजाघरों और तीन होटलों का निशाना बनाते हुए किए गए धमाकों के सिलसिले में 10 महिलाओं सहित 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। 

मई के अंत में, सिरिसेना ने ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान, अमेरिका और यूरोपीय राज्यों के राजनयिकों को बताया था कि सुरक्षा स्थिति ‘‘99 प्रतिशत सामान्य हो गई है’’ और वह 22 जून तक आपातकाल हटा लेंगे। 

सिरीसेना के अचानक यह फैसला लेने पर सरकार की ओर से तत्काल कोई बयान जारी नहीं किया गया लेकिन राजधानी में सुरक्षा कड़ी बनी हुई है। आपातकाल एक महीने के लिए ही घोषित किया जा सकता है और 10 दिन के भीतर संसद को इसकी पुष्टि करनी होती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश