इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और इस समय सियासत के मैदान में दम आजमा रहे इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहाम खान ने इमरान खान की निजी जिंदगी और उनकी सियासत के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बीबीसी में पत्रकार रह चुकीं रेहाम ने इमरान पर झूठ बोलने और अपने निकाह को छिपाने का आरोप लगाया। एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रेहाम ने बताया कि किस तरह इमरान ने उनके साथ बुरा सलूक किया जिसका अंजाम तलाक तक पहुंचा। रेहाम ने अपने इंटरव्यू में इमरान की तीसरी शादी के बारे में भी बड़ा खुलासा किया है।
Related Stories
रेहाम ने कहा, 'मेरे ख्याल से जितने उम्दा वह खिलाड़ी रहे हैं उससे ज्यादा खिलाड़ी वह शादियां करने में रहे हैं। लेकिन शादियां करना और उन्हें निभाना दोनों अलग-अलग बातें हैं। यह बात बिल्कुल सही है कि यदि रिश्ता निभाने की नीयत हो तो बात तलाक तक नहीं पहुंचती। यदि पति जरा भी सही व्यवहार करता है तो पत्नी फिर भी गुजारा कर ही लेती है और तलाक की नौबत नहीं आती।' पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट द्वारा इमरान खान की तारीफ पर रेहाम ने कहा कि वह कोर्ट की बातों पर टिप्पणी नहीं कर सकतीं लेकिन इस तरह की तारीफ इमरान पर सूट नहीं करतीं। उन्होंने इमरान पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया।
अपनी और इमरान की शादी की तारीख की बात पर रेहाम ने कहा कि मीडिया में कोट किया जाता है कि हमारी शादी दस महीने की थी लेकिन यह हकीकत नहीं है। रेहाम ने कहा कि उन्होंने इमरान खान के साथ 31 अक्टूबर 2014 को शादी की थी और ठीक एक साल बाद 31 अक्टूबर 2015 की तारीख को तलाक के लिए चुना गया। रेहाम ने कहा कि इमरान ने 31 अक्टूबर को ही शादी करने के लिए जोर दिया था। इमरान की पूर्व पत्नी ने यह भी कहा कि उनकी शादी के लिए उनका परिवार तैयार नहीं था। इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रेहान ने इमरान की सियासत पर भी खुलकर बात की। देखें, पाकिस्तान की राजनीति में भूचाल लाने वाला यह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू: