1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान में एक मेडिकल क्लीनिक में गैस रिसाव से हुए विस्फोट में 19 लोगों की मौत

ईरान में एक मेडिकल क्लीनिक में गैस रिसाव से हुए विस्फोट में 19 लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 01, 2020 09:57 am IST,  Updated : Jul 01, 2020 09:57 am IST

अधिकारियों ने इस दुर्घटना में पहले 13 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। तेहरान दमकल विभाग के एक प्रवक्ता जलाल मलेकी ने बाद में सरकारी टेलीविजन को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

Tehran Gas Leak, Iran Explosion, Tehran, Tehran Explosion, Explosion- India TV Hindi
ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित एक मेडिकल क्लीनिक में हुए विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। Image Source : AP

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित एक मेडिकल क्लीनिक में हुए विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तरी तेहरान में एक मेडिकल क्लीनिक में गैस रिसाव से हुए विस्फोट में 19 लोगों की मौत हो गई। ईरान के सरकारी टेलीविजन द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, इस क्लीनिक में और विस्फोट की आशंका बनी हुई है क्योंकि वहां अभी भी कई ऑक्सिजन टैंक मौजूद हैं। इस हादसे में मरने वालों में ज्यादातर संख्या महिलाओं की है।

पहले मिली थी 13 के मारे जाने की खबर

बता दें कि अधिकारियों ने इस दुर्घटना में पहले 13 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। तेहरान दमकल विभाग के एक प्रवक्ता जलाल मलेकी ने बाद में सरकारी टेलीविजन को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ ने भी मलेकी के हवाले से कहा कि मरने वालों में 15 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। मलेकी ने घटना के बारे में और जानकारी देते हुए बताया कि दमकलकर्मियों ने हादसे वाली जगह से कुल 20 लोगों को निकाला भी है। 

‘और विस्फोट होने की आशंका बनी हुई है’
तेहरान के डिप्टी गवर्नर हमीद्रेजा गौदरजी ने सरकारी टेलीविजन ने कहा कि इमारत में मेडिकल गैस टैंक से गैस रिसाव के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट के चलते क्लीनिक में आग लग गई। सरकारी टेलीविजन का कहना है कि वहां और विस्फोट होने की आशंका बनी हुई है क्योंकि मेडिकल सेंटर में अभी कई और ऑक्सीजन टैंक मौजूद हैं। चश्मदीद मरजान हघीघी ने ‘एपी’ को बताया कि पुलिस ने आस-पास की सभी सड़कों पर अवरोधक लगा दिए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश