साना: यमन की राजधानी साना में गुरुवार को एक मस्जिद में हुए बम विस्फोट में 29 लोगों की मौत हो गई। समाचारपत्र 'यमन पोस्ट' ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, "साना मस्जिद बम विस्फोट में 29 लोग मारे गए हैं। घायल हुए कई अन्य लोगों की हालत नाजुक है।"
विद्रोहियों के कब्जे वाली यमन की राजधानी साना में मुस्लिमों के त्योहार ईद अल-अज्हा के लिए एक मस्जिद में नमाज पढ़ने के दौरान यह विस्फोट हुआ। एक व्यक्ति के मुताबिक, यह विस्फोट साना में एक पुलिस अकादमी के पास बलीली मस्जिद में हुआ, जिस पर हुथी शिया विद्रोहियों का नियंत्रण है। यमन की राजधानी में हाल के महीनों में इस्लामिक स्टेट जिहादी समूह ने शिया मस्जिदों पर कई बार बम विस्फोट करने का दावा किया है।
कट्टरपंथी सुन्नी मुस्लिम समूह का मानना है कि शिया धर्मविरोधी हैं और उन्होंने कुवैत तथा सउदी अरब के मस्जिदों पर भी बम विस्फोट करने का दावा किया है। ईरान समर्थित हुथी विद्रोहियों ने साना सहित यमन के कई क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया है।
साना पर उनका कब्जा लगभग एक साल पहले से है। सरकार समर्थित सुरक्षा बलों ने सउदी अरब के नेतृत्व में हाल में हवाई हमले किए जिसके कारण वे यमन के दूसरे शहर अदन सहित दक्षिणी प्रांतों के कुछ इलाकों को वापस पाने पर सफल रहे।
इसे भी पढ़ें: यमन के बंदरगाह पर 20 भारतीय नागरिक मारे गए !