1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जापान में भारी बारिश और बाढ़, अभी तक करीब 60 लोगों की मौत

जापान में भारी बारिश और बाढ़, अभी तक करीब 60 लोगों की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 08, 2020 02:03 pm IST,  Updated : Jul 08, 2020 02:03 pm IST

लगातार बारिश के कारण जापान का दक्षिणी इलाका बाढ़ से जूझ रहा है और अब बुधवार से उत्तरपूर्वी जापान में भी भारी बारिश शुरू हो गई।

जापान में भारी बारिश और बाढ़, अभी तक करीब 60 लोगों की मौत- India TV Hindi
जापान में भारी बारिश और बाढ़, अभी तक करीब 60 लोगों की मौत Image Source : AP

तोक्यो: लगातार बारिश के कारण जापान का दक्षिणी इलाका बाढ़ से जूझ रहा है और अब बुधवार से उत्तरपूर्वी जापान में भी भारी बारिश शुरू हो गई। इससे यहां नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मकानों तथा सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। पिछले कई दिनों में बाढ़ में कम से कम 58 लोग मारे गए हैं।

बुधवार सुबह तक मध्य जापान के नगानो और गिफू के कुछ इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। एनएचके टेलीविजन में दिखाई गई तस्वीरों के अनुसार हिदा नदी उफान पर है और तट को तोड़ते हुए नदी के पास के राष्ट्रीय राजमार्ग को इसने क्षतिग्रस्त कर दिया। मध्य जापान के दूसरे शहर गेरो में नदी का पानी नदी के ऊपर बने पुल के ठीक नीचे पहुंच गया है।

तकायामा शहर में कई घर मिट्टी धंसने से तबाह हो गए। यहां पेड़ उखड़ गए मलबा बिखरा हुआ है। यहां रहने वालों के बारे में तत्काल कुछ पता नहीं चल पाया है। देश भर में लगभग 36 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है और आश्रय लेने वाले लोगों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।

भारी बारिश से मरने वालों का आंकड़ा बुधवार को 58 पर पहुंच गया। इनमें से ज्यादातर लोग सर्वाधिक प्रभावित कुमामेटो प्रांत के हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश