1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में बारिश से कई हादसे, 10 की मौत

पाकिस्तान में बारिश से कई हादसे, 10 की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 06, 2016 05:01 pm IST,  Updated : Aug 06, 2016 05:01 pm IST

पाकिस्तान के कराची शहर में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

Rain disaster in Pakistan- India TV Hindi
Rain disaster in Pakistan

कराची: पाकिस्तान के कराची शहर में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, शनिवार को दूसरे दिन भी कराची और सिंध के अन्य शहरों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रही। 'डेली पाकिस्तान' की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अधिकारियों ने कहा, "ज्यादातर लोगों की मौत बिजली का करंट लगने और दीवारें ढहने के कारण हुई है।"

मूसलधार बारिश के कारण कराची में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और विभिन्न इलाके जलमग्न हो गए। बिजली के कम से कम 600 ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए, जिस कारण शहर के 45 प्रतिशत इलाकों में अंधेरा छा गया। 'पाकिस्तान टुडे' के मुताबिक, शुक्रवार रात को 400 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए, जिस कारण बिजली आपूर्ति पूरे दिन बहाल नहीं हो पाई। बिजली आपूर्ति में रुकावट के कारण शहर में पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "कराची के गुलशन-ए-इकबाल इलाके में शनिवार सुबह 56 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।" ज्यादातर लोगों ने घरों में रहना ही मुनासिब समझा, क्योंकि सभी प्रमुख मार्गो पर बारिश का पानी भरा था। सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न इलाकों का दौरा किया और पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश