बीजिंग: चीन के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हुई मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई है और 11 अन्य लोग लापता हैं। बारिश से लाखों लोगों के प्रभावित होने का समाचार है। इतना ही नहीं, भारी बारिश की वजह से करोड़ों रुपए फसलें भी नष्ट हो गई हैं।
करीब एक लाख लोगों को दूसरे स्थानों पर जाने को होना पड़ा मजबूर
चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने आज कहा कि नवीनतम जानकारी के अनुसार बारिश से 46.6 लाख लोग प्रभावित हुए हैं जिनमें से 95,000 को दूसरी जगहों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मंत्रालय ने कहा कि 68,000 लोगों को बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। बारिश की वजह से 5,200 घर गिर गए और 74,000 क्षतिग्रस्त हो गए।
बारिश से लाखों हेक्टेयर फसल को पहुंचा नुकसान
पिछले हफ्ते चोंगकिंग, फुजियान, हुबेई, हुनान और जियांग्शी क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई थी। मंत्रालय के अनुसार बारिश ने 2,68,000 हेक्टेयर की फसल क्षतिग्रस्त कर दी जिनमें 28,300 हेक्टेयर की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गयी। इनसे 5.33 अरब युआन (82 करोड़ डॉलर) का सीधा आर्थिक नुकसान होने का आकलन किया गया है।