1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान का नया पैंतरा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मनाएंगे स्वतंत्रता दिवस

इमरान का नया पैंतरा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मनाएंगे स्वतंत्रता दिवस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 13, 2019 06:53 pm IST,  Updated : Aug 13, 2019 06:53 pm IST

पाकिस्तान में कश्मीर मुद्दे को लेकर जारी घमासान के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ऐलान किया है कि वह इस बार देश का स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मनाएंगे।

imran khan- India TV Hindi
imran khan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में कश्मीर मुद्दे को लेकर जारी घमासान के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ऐलान किया है कि वह इस बार देश का स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मनाएंगे। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान में दी गई है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस 'आजाद जम्मू एवं कश्मीर' में मनाएंगे।

पाकिस्तान अपने कब्जे वाले कश्मीर को 'आजाद जम्मू एवं कश्मीर' कहता है। बयान में कहा गया है कि इमरान के साथ कई संघीय मंत्री भी 'आजाद जम्मू एवं कश्मीर' की राजधानी मुजफ्फराबाद जाएंगे। प्रधानमंत्री वहां एक सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेंगे तथा वहां की विधानसभा को संबोधित करेंगे। बयान में कहा गया है कि इमरान विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं से अलग से मुलाकात भी करेंगे।

पाकिस्तान पहले ही यह ऐलान कर चुका है कि भारत द्वारा जम्मू एवं कश्मीर के विशेष दर्जे में बदलाव के खिलाफ वह इस बार 14 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस 'कश्मीर एकजुटता दिवस' व भारतीय स्वाधीनता दिवस (15 अगस्त) को 'काला दिवस' के रूप में मनाएगा।

पाकिस्तान की सरकार ने 'कश्मीर एकजुटता दिवस' के लिए एक विशेष लोगो भी जारी किया है, जिस पर 'कश्मीर बनेगा पाकिस्तान' नारा लिखा हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश