नई दिल्ली: भारत के सख्त रुख से पाकिस्तान में हड़कंप मचा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने डर जताया है कि भारत पाकिस्तान पर हमला कर सकता है। कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान के लिए अगले दो दिन काफी अहम हैं। उन्होंने कहा कि भारत जमीन, समुद्र और हवा कहीं से भी हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान लड़ाई नहीं चाहता है, लेकिन हम अपने देश की रक्षा करने को तैयार हैं।
Related Stories
इससे पहले कुरैशी ने बुधवार को कहा था कि उनका देश जंग नहीं चाहता है और उन्होंने भारत से सभी लंबित मुद्दों के हल के लिए वार्ता की मेज पर आने का आह्वान किया। कुरैशी ने कहा, ‘‘आज का हमला अपनी रक्षा करने के हमारे अधिकार, हमारी ईच्छाशक्ति और हमारी क्षमता को दर्शाता है। हम आशा करते हैं कि भारत सभी लंबित मुद्दों के हल के लिए वार्ता की मेज पर आएगा।’’
उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आयी है जब नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की वायुसेना ने भारतीय आतंकवाद निरोधक अभियान के जवाब में भारत में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया लेकिन उसकी कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया गया, हालांकि इस दौरान इस भारतीय पायलट भी लापता हो गया।
इससे पहले, पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने दो भारतीय सैन्य विमानों को गिराकर भारत पर पलटवार किया। उसके अनुसार एक विमान उसके कब्जे वाले कश्मीर में गिरा जबकि दूसरा जम्मू कश्मीर में।