1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ‘मतभेदों के बावजूद विकसित हो रहे हैं भारत और चीन के रिश्ते’

‘मतभेदों के बावजूद विकसित हो रहे हैं भारत और चीन के रिश्ते’

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 17, 2016 11:34 am IST,  Updated : Aug 17, 2016 11:34 am IST

चीन के सरकारी मीडिया ने आज कहा है कि दोनों देशों के बीच भले ही कुछ विरोधाभास और मतभेद हैं लेकिन समग्र तौर पर इनके बीच के द्विपक्षीय संबंध निर्बाध रूप से विकसित होते रहे हैं।

india-china- India TV Hindi
india-china

बीजिंग: अमेरिका और जापान की ओर से दबाव के बावजूद दक्षिण चीन सागर के मुद्दे पर निष्पक्ष रूख अपनाने के लिए भारत की सराहना करते हुए चीन के सरकारी मीडिया ने आज कहा है कि दोनों देशों के बीच भले ही कुछ विरोधाभास और मतभेद हैं लेकिन समग्र तौर पर इनके बीच के द्विपक्षीय संबंध निर्बाध रूप से विकसित होते रहे हैं।

सरकारी ग्लोबल टाइम्स में छपे एक लेख में कहा गया, सुरक्षा के मुद्दे पर, दक्षिण चीन सागर पंचाट की ओर से अंतिम निर्णय सुनाए जाने पर, भारत की सरकार ने वाशिंगटन और तोक्यो की ओर से दबाव के बावजूद निष्पक्ष रूख बनाकर रखा। संबंधों को सुधारने के लिए इसे आगे की दिशा में एक ठोस कदम बताते हुए लेख में कहा गया, हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि चीन और भारत के बीच कुछ विरोधाभास और मतभेद हैं लेकिन समग्र तौर पर द्विपक्षीय संबंध निर्बाध रूप से विकसित होते रहे हैं।

चीनी मीडिया ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत की सदस्यता को रोकने का आरोप चीन पर मढ़ने में बढ़चढ़कर सक्रियता दिखाने के लिए भारतीय मीडिया की आलोचना भी की। इसके साथ ही चीनी मीडिया ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी की पिछले सप्ताह की भारत यात्रा और दक्षिण चीन सागर मुद्दे को एकसाथ जोड़कर देखने के लिए भी भारतीय मीडिया की आलोचना की।

चीनी मीडिया ने कहा, भारतीय मीडिया ने वांग के भारत दौरे को दक्षिण चीन सागर मामले और एनएसजी सदस्यता हासिल करने में देश की विफलता के साथ जोड़कर देखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश