बगदाद: बीते शनिवार इराकी सेना ने फालुजा शहर के आसपास अपनी पकड़ मजबूत कर ली और घमासान लड़ाई के बाद इस्लामिक स्टेट (IS) आतंकियों के कब्जे से शहर के कुछ इलाकों को मुक्त करा लिया है। सूत्रों की ओर से यह जानकारी दी गई है। एक समाचार एंजेसी के मुताबिक सूत्र ने कहा कि अमेरिका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के लड़ाकू विमानों के समर्थन से सैनिकों ने फरात नदी के पश्चिमी भाग पर फिर से कब्जा जमाने के लिए सवेरे अभियान शुरू किया। यह नदी फालुजा के पश्चिमी भाग में बहती है। फालुजा इराक की राजधानी बगदाद से करीब 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
सूत्रों के अनुसार घमासान लड़ाई के बाद सुरक्षा बलों ने फालुजा शहर के पश्चिमी भाग में स्थित फलाहात इलाके पर फिर से कब्जा कर लिया और IS आतंकियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। यह भी बताया गया कि फरात नदी के पश्चिमी भाग से फालुजा शहर की तरफ बढ़ने के लिए सुरक्षा बलों के जवान आतंकियों के कब्जे वाले अल-हलब्सा इलाके की ओर बढ़ना जारी रखेंगे।
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों और हश्द शाबी नाम से मशहूर मित्र देशों की अर्ध सैनिक इकाइयों ने भीषण लड़ाई के बाद फालुजा के पूर्वी भाग में अल-सुबायहात इलाके को IS आतंकियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। इस लड़ाई में कम से कम 15 आतंकी मारे गए और उनके एक कार बम समेत चार वाहन नष्ट कर दिए गए।
फालुजा शहर के दक्षिण में सुरक्षा बलों ने बीते बुधवार को IS आतंकियों के साथ भीषण लड़ाई के बाद अलशुहदा जिले के कुछ भागों पर कब्जा कर लिया और कुछ भवनों पर इराकी झंडे फहरा दिए थे। इसके बाद बीते शनिवार को यह अभियान शुरू हुआ।