नई दिल्ली: पठानकोट हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मसूद अजहर, उसके भाई अब्दुल रऊफ, कासिफ जान और शहीद लतीफ को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने 'सेफ हाउस' में छुपा दिया है। अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते आईएसआई ने ऐसा किया है।
सूत्रों के मुताबिक आईएसआई ने यह चाल आतंकियों को भारतीय खुफिया एजेंसियों की नजरों से बचाने के लिए चली है और उन्हें अंडरग्राउंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि मसूद अजहर को पाकिस्तान के बहावलपुर के सेफ हाउस में छिपाया गया है।
चंद हफ्ते पहले ही पठानकोट आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। इंटरपोल ने मसूद अजहर के भाई रऊफ और मुख्य हैंडलर काशिफ जॉन के खिलाफ भी नोटिस जारी किया है। मसूद अजहर पठानकोट एयरबेस में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड है और तब से फरार है।
अजहर वही आतंकी है जो 1999 तक भारतीय जेल में बंद था। भारतीय विमान आइसी- 814 के अपहरण के बाद यात्रियों को छोड़ने के बदले में उसे रिहा किया गया था। लतीफ 1994 से 2010 तक जम्मू-कश्मीर की जेल में बंद था। सजा पूरी होने के बाद उसे पाकिस्तान भेज दिया गया था। लतीफ ने पठानकोट के हमलावरों को साजो-सामान मुहैया कराने में मदद की थी।
अजहर के मामले में भारत ने उसे प्रतिबंधित करने के लिए पिछले दिनों संयुक्त राष्ट्र में आवाज उठाई थी। लेकिन पाकिस्तान के हमदर्द चीन ने उसकी कोशिशों को नाकाम कर दिया और कहा कि भारत के आरोप के आधार पर अजहर को प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता। चीन के इस कदम पर भारत पहले ही आपत्ति जता चुका है।