अंकारा: इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने कथित रूप से एक औऱ आतंकवादी घटना को अंजाम देते हुए एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर के जरिए कोबेन की सीमा से लगे तुर्की के सूरक नगर स्थित सांस्कृतिक केंद्र पर बम विस्फोट किया, जिससे 31 लोगों की जान चली गई और सौ से अधिक लोग घायल हो गए। इस स्थान पर सामाजिक कार्यकर्ता सीरिया के कस्बे कोबेन में सहायता अभियान चलाने की तैयारियों में जुटे थे।
मारे गये लोगों में अधिकतर लोग विश्वविद्यालय के छात्र थे और वे सीरिया में प्रवेश कर कोबेन के पुनर्निर्माण के मदद करने की योजना बना रहे थे। कोबेन पर महीनों तक इस्लामिक स्टेट (ISIS) का कब्जा रहा था, लेकिन जनवरी में कुर्दिश बलों ने फिर उस पर अपना कब्जा जमा लिया था।
उत्तरी साइप्रस के दौरे पर गए तुर्की के राष्ट्रपति आर. टी. एरडोगन ने हमले की भर्त्सना करते हुए इसे आतंकवाद का कृत्य बताया।
प्रधानमंत्री अहमद देबूतोगलू ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) को इस हमले के लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से आतंकवादी हमला है। उन्होंने अंकारा में कहा प्राथमिक जांच इस बात का संकेत करती है कि यह आत्मघाती हमला दाएश ने करवाया है। दाएश आईएस (ISIS) का अरबी में संक्षिप्त नाम है, हालांकि, प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं है।