लाहौर: लाहौर में एक महिला को सिर्फ इसलिए सरेआम पीटा क्योंकि शक़ था कि वह बच्चे को अगवा करके ले जा रही है। दरअसल रविवार को लाहौर के एक इलाक़े में एक महिला अपने बच्चे के साथ जा रही थी। लोगों को शक़ हुआ कि वह बच्चे को अगवा करके ले जा रही है क्योंकि बच्चे की शक़्ल उससे नहीं मिल रही थी। बस फिर क्या था भीड़ ने उस महिला को बुरी तरह पीटना शुरु कर दिया।
सादिया नाम की महिला अपने अपने 10 साल के बेटे आदिल के साथ जा रही थी। शक़ होने पर एक परिवार ने उन्हें रोका और मारना शुरू कर दिया और फिर भीड़ भी इस काम में जुट गई। बाद में महिला को पुलिस स्टेशन ले जाया गया जहां साबित हो गया कि वे दोनों मां-बेटे ही हैं। पुलिस के अनुसार महिला एक घर में चोरी के इरादे से घुसी थी लेकिन घरवालों ने पकड़ लिया। महिला को मारने वाले परिवार का कहना है कि महिला के साथ एक 10 साल का बच्चा चल रहा था जिसकी शक्ल महिला से बिल्कुल भी नहीं मिल रही थी। इसी कारण उन्हें महिला पर शक हुआ और उन्होंने महिला की पिटाई करनी शुरू कर दी।
महिला को काफी चोटें भी आई हैं। महिला को पिटते देख सामने रहने वाला एक परिवार आया और महिला को बचाकर अपने घर ले गया। जिसके बाद भीड़ महिला के पीछे-पीछे उसके घर तक गई और उनसे महिला को बाहर निकालने को कहा लेकिन इस परिवार ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। महिला ने भीड़ के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया है। लाहौर में यह पहली बार नहीं है जब लोग कानून को अपने हाथों में ले रहे हैं। इससे पहले भी बहुत से ऐसे मामले सामने आए हैं जब लोगों ने ऐसा काम किया है।