नेपेडा: म्यांमार की संसद के नए अध्यक्ष मान विन खाइंग थान के बेटे ने अपने पिता के निजी सहायक के पद से इस्तीफा दे दिया है और उनकी जगह हाउस ऑफ नेशनलिटीज के उपाध्यक्ष ने ली है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, यह इस्तीफा राष्ट्रपति के कार्यालय से जारी आदेश के एक दिन बाद दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि मंत्री अपने निजी सहायक के पद पर अपनी जीवनसाथी, बच्चे, दामाद, बहू, भतीजा-भतीजी और पोते-पोतियों की नियुक्ति नहीं करेंगे।
इस दिशानिर्देश में कहा गया है कि इस पद पर केवल नौकरशाहों की नियुक्ति होगी। रपट के मुताबिक, हाउस ऑफ नेशनलिटीज के पूर्व अध्यक्ष खिन आंग मिंट ने अपने बेटे को निजी सहायक नियुक्त किया था और वह इस पद पर पांच सालों तक बने रहे थे।
इस दौरान राष्ट्रपति के कार्यालय ने पांच अप्रैल को आदेश जारी कर भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए कैबिनेट मंत्रियों, सरकारी संगठन के सदस्यों और कर्मचारियों को रिश्वत लेने पर रोक लगा दी है, जो इस देश में लंबे समय से प्रचलित है। इस आदेश में कहा गया है कि देश में नैतिक भ्रष्टाचार व्यापक रूप से फैला है, जिसका समाज, अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। नई सरकार का लक्ष्य छोटी-सी अवधि में भ्रष्टाचार की इस प्रथा को नष्ट करना है।