दुबई: बकरीद में कुर्बानी के लिए बकरे और अन्य जानवरों की खरीद के लिए अब लोगों को बाजार की खाक छानने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दुबई नगर निगम ने अल मवाशी ऐप लॉन्च किया है जिसके जरिए ऑर्डर देते ही बकरा आपके दरवाजे पर कुर्बानी के लिए हाजिर होगा। इस ऐप के जरिए लोग घर बैठे छोटे जानवरों का ऑर्डर दे सकेंगे।
बकरीद के मौके पर पूरी दुनिया में मुस्लिम समुदाय के लोग जानवरों की कुर्बानी करते हैं। दुबई नगर निकाय के वरिष्ठ अधिकारी अली ताहिर अल हम्मादी ने समाचार पत्र खलीज टाइम्स को बताया, यह गर्मियों का मौसम है और बकरीद के दौरान बाजारों में बहुत भीड़ होती है। ऐप शुरू करने का मकसद लोगों के समय और मेहनत को बचाना है। खासकर गर्म मौसम में लोगों को बाहर निकलकर खरीददारी करने में खासी दिक्कत पेश आती है।
उन्होंने कहा, हम दुबई के बूचड़खाने में लगने वाली कतारों को कम करना चाहते हैं जहां लोग अपने जानवरों की कुर्बानी कराते हैं। यूएई के लोग इस ऐप के जरिए पूरे देश में छोटे जानवरों का ऑर्डर कर सकते हैं, लेकिन जेबेल अली इलाके में स्थित बूचड़खाने से इन जानवरों को लिया जा सकेगा।
ऐप के जरिए जानवरों की खरीदते समय लोगों के पास चुनाव करने के लिए कई विकल्प होंगे। जानवरों की तस्वीर और उनकी कीमत दी गई होगी और लोग अपनी पसंद और बजट के हिसाब से खरीदारी कर सकेंगे। इसके लिए क्रेडिट कार्ड से भी भुगतान किया जा सकेगा।