इस्लामाबाद: अमेरिका द्वारा पाकिस्तान की मदद रोके जाने के बाद दोनों देशों में एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी का दौर जारी है। अब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश अपने संसाधनों के बलबूते आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पिछले 15 सालों में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनके देश ने 120 अरब डॉलर (लगभग 7 लाख 60 हजार करोड़ रुपये) खर्च किए हैं। आपको बता दें कि अमेरिका ने पाकिस्तान को दी जाने वाली 2 अरब डॉलर की सुरक्षा मदद रोक दी है।
Related Stories
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेश विभाग की प्रवक्ता हीदर नॉर्ट ने कहा था कि अमेरिका ने गुरुवार को पाकिस्तान को सैन्य हथियारों की आपूर्ति और सुरक्षा संबधी वित्तीय सहायता रोकने की घोषणा की। मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि पाकिस्तान अमेरिकी प्रशासन के साथ सुरक्षा सहयोग के मामले में जुड़ा हुआ है और विस्तृत जानकारी का इंतजार कर रहा है। सामान्य उद्देश्यों को प्राप्त करने के संबंध में अमेरिका के फैसले का प्रभाव उचित समय आने पर स्पष्ट रूप से उभर कर सामने आने की संभावना है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि हालांकि, इस बात की सराहना की जानी चाहिए की पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ बड़े पैमाने पर अपने संसाधनों की बदौलत लड़ रहा है, जिस पर 15 सालों में 120 अरब डॉलर खर्च हुआ है। इसने आगे कहा कि पाकिस्तान, ‘क्षेत्र में सीमा पर स्थिरता बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम करना जारी रखने को लेकर प्रतिबद्ध है।’ गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्तों में खटास आई है। वहीं, 2018 के पहले ही दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट के जरिए पाकिस्तान को खूब खरी-खोटी सुनाई थी।