इस्लामाबाद: काबुल के राजनयिक इलाके को दहला देने वाले बड़े विस्फोट की पाकिस्तान ने आज निंदा की है। इस विस्फोट में कम से कम 80 लोग मारे गए और महिलाओं एवं बच्चों समेत सैंकड़ों लोग घायल हो गए। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, पाकिस्तान आज सुबह काबुल में हुए उस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है, जिसमें कई कीमती इंसानी जानें चली गईं और कई लोग घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा कि विस्फोट में घटनास्थल के पास रहने वाले कुछ पाकिस्तानी राजनयिकों और कर्मचारियों के आवासों को नुकसान पहुंचा है और कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। (कुलभूषण जाधव मामले में ICJ में पाक का नेतृत्व करेंगे एटॉर्नी जनरल)
बयान में कहा गया, खुद आतंकवाद का पीडि़त होने के कारण पाकिस्तान उस दर्द और वेदना को समझता है, जो ऐसी घटनाओं के कारण जनता और समाज को झेलने पड़ते हैं। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान की जनता और सरकार अफगानिस्तान की सरकार और जनता के प्रति और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक सहानुभूति और संवेदनाएं व्यक्त करती है। मंत्रालय ने कहा, आतंकवाद के हर रूप और हर स्वरूप की निंदा को दोहराते हुए हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। इस दुख और पीड़ा की घड़ी में हम अपने अफगान भाइयों के साथ दृढ़ता से खड़े हैं।
सुबह लगभग साढ़े आठ बजे एक आत्मघाती बम हमलावर ने जानबाक स्कवायर पर विस्फोटकों से भरे वाहन को उड़ा लिया था। काबुल के राजनयिक इलाके में भारी ट्रक बम विस्फोट में कम से कम 80 लोग मारे गए और सैंकड़ों लोग घायल हो गए। इससे सुबह के समय अफरा-तफरी मच गई और काबुल की सड़कों पर तबाही का मंजर नजर आने लगा।