1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाक तालिबान ने लोगों को तेज आवाज में संगीत नहीं बजाने की चेतावनी दी

पाक तालिबान ने लोगों को तेज आवाज में संगीत नहीं बजाने की चेतावनी दी

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 01, 2019 08:56 pm IST,  Updated : Aug 01, 2019 08:56 pm IST

पाकिस्तानी तालिबान ने उत्तरी वजीरिस्तान के जनजातीय जिले के लोगों को तेज आवाज में संगीत नहीं बजाने और अपने बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलाने की चेतावनी दी है। 

फाइल फोटो- India TV Hindi
फाइल फोटो

पेशावर: पाकिस्तानी तालिबान ने उत्तरी वजीरिस्तान के जनजातीय जिले के लोगों को तेज आवाज में संगीत नहीं बजाने और अपने बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलाने की चेतावनी दी है। डॉन अखबार में गुरुवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान ने उत्तरी वजीरिस्तान के मीरामशाह स्थित मुख्यालय से बुधवार को एक पन्ने का पैम्पलेट जारी कर यह चेतावनी दी। 

उर्दू में प्रकाशित संदेश में महिलाओं से कहा गया है कि वे अकेले घर से बाहर नहीं जाएं। उनके साथ कोई पुरुष भी अवश्य हो। पैम्लेट में लिखा गया है, ‘‘हम आपको (स्थानीय लोगों) को याद दिलाना चाहते हैं कि इसी तरह के बयान कई बार तालिबान की ओर से जारी किए गए थे जिसे अनसुना कर दिया गया। लेकिन इस बार तालिबान के आदेश का उल्लंघन करने वालों की हम खबर लेंगे।’’ संदेश में कहा गया है, ‘‘डीजे का इस्तेमाल नहीं होगा। न तो घर के भीतर और न ही खुले में और जो इस चेतावनी की अनदेखी करेंगे वे इसके परिणाम के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।’’ 

पैम्पलेट में लोगों के कंप्यूटर पर या दुकान में तेज आवाज में संगीत बजाने को प्रतिबंधित करने की बात कही गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जहां से संगीत सुनाई देगा, उसे कभी भी उड़ाया जा सकता है। पोलियो कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे टीकाकरण अभियान के दौरान बच्चों की उंगलियों पर निशान लगाएं, लेकिन वे बच्चों को पोलियों की दवा नहीं पिलाएं। संदेश में आगे कहा गया है कि महिलाएं अकेले घर से नहीं निकलें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश