1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव की फांसी को लेकर भारत पर लगाया ये बड़ा आरोप

पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव की फांसी को लेकर भारत पर लगाया ये बड़ा आरोप

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 10, 2017 05:03 pm IST,  Updated : May 10, 2017 05:03 pm IST

पाकिस्तान ने आज आरोप लगाया कि भारत अपने नागरिक कुलभूषण जाधव को सुनाई गई मौत की सजा का इस्तेमाल देश में अपने राज्य प्रायोजित आतंकवाद से ध्यान हटाने के लिए कर रहा है।

pakistan has accused these big allegations against the...- India TV Hindi
pakistan has accused these big allegations against the hanging of kulbhushan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज आरोप लगाया कि भारत अपने नागरिक कुलभूषण जाधव को सुनाई गई मौत की सजा का इस्तेमाल देश में अपने राज्य प्रायोजित आतंकवाद से ध्यान हटाने के लिए कर रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ का भारत के खिलाफ यह आरोप अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत के फैसले के एक दिन बाद आया जिसमें उसने जासूसी के आरोपों पर पाकिस्तान की सैन्य अदालत से मौत की सजा पाने वाले 46 वर्षीय जाधव की फांसी पर रोक लगा दी है। आसिफ ने ट्वीट कर कहा, आईसीजे में भारत की अपील पाकिस्तान में उसके राज्य प्रायोजित आंतकवाद से ध्यान हटाने की कोशिश है। कुलभूषण को राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ अपराधों में दोषी ठहराया गया। (ऑस्ट्रेलियाई सिनेटर ने संसद में ब्रेस्टफीडिंग करवाकर रचा इतिहास)

हेग स्थित आईसीजे के आदेश के बाद पाकिस्तान की ओर से यह पहली प्रतिक्रिया है। भारत ने गत महीने पाकिस्तान की सैन्य अदालत से जाधव को दी गई फांसी की सजा के खिलाफ आईसीजे का रूख किया था। इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया ने आईसीजे के आदेश पर भारत के दावे को खारिज कर दिया। जियो टीवी ने कहा कि आईसीजे के अधिकार क्षेत्र में पाकिस्तान नहीं आता क्योंकि यह दोनों पक्षों की सहमति से ही मामले पर संग्यान ले सकता है। डॉन की ऑनलाइन वेबसाइट ने रोक के आदेश के भारत के दावे के बारे में कोई खबर नहीं दी है। इसी तरह एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने इस मुद्दे पर अपनी खबर में रोक के आदेश का जिक्र नहीं किया।जाधव (46) को गत महीने मौत की सजा सुनाई गई थी। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीजे का रूख करते हुए आरोप लगाया था कि पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव मामले में विएना संधि का उल्लंघन किया है।

भारत ने आईसीजे में अपनी अपील में आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने राजनयिक संबंधों पर विएना संधि का घोर उल्लंघन किया है और उसने कहा कि जाधव का ईरान से अपहरण किया गया था जहां वह भारतीय नौसेना से सेवानिवृत होने के बाद व्यापार कर रहा था लेकिन पाकिस्तान ने उसे तीन मार्च 2016 को बलूचिस्तान से गिरफ्तार करने का दावा किया। जाधव की सजा पर भारत में तीखी प्रतिक्रिया दी गई। भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर पहले से नियोजित हत्या की गई तो द्विपक्षीय संबंधों को नुकसान होगा और उसके परिणाम भुगतने होंगे।

अपनी अर्जी में भारत ने आईसीजे को यह भी बताया कि उसे एक प्रेस विग्यप्ति से जाधव की मौत की सजा के बारे में पता चला। जाधव को जासूसी और विध्वंसक गतिविधियों के लिए मौत की सजा सुनाई गई। भारत ने यह स्वीकार किया है कि जाधव नौसेना अधिकारी है लेकिन सरकार के साथ उसके किसी भी तरह के संबंध को खारिज कर दिया। भारत ने कहा कि जाधव का ईरान से अपहरण किया गया। भारत ने जाधव की मां की अपील भी पाकिस्तान को सौंपी है जिसमें उसकी सजा को पलटने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश