इस्लामाबाद: पाकिस्तान में यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के अपने कमरे में सितंबर में रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत मिली एक हिंदू मेडिकल छात्रा की अंतिम ऑटोप्सी रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस ऑटोप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था। आपको बता दें कि पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचने वाले इस मामले में हिंदू छात्रा का शव 16 सितंबर को लरकाना स्थित शहीद मोहतरमा बेनजीर भुट्टो मेडिकल यूनिवर्सिटी (SBBMU) के हॉस्टल में उनके कमरे में सीलिंग पंखे से लटकता पाया गया था।
Related Stories
पाकिस्तान के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखने वाली पीड़िता विश्वविद्यालय के बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) प्रोग्राम की अंतिम वर्ष छात्रा थीं। अंतिम ऑटोप्सी रिपोर्ट लरकाना के चंदका मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (CMCH) द्वारा जारी की गई। CMCH वीमेन मेडिको-लीगल ऑफिसर डॉ. अमृता के अनुसार, निमृता की मौत दम घुटने से हुई थी। वहीं, एक DNA परीक्षण ने मृतका के शरीर में पुरुष डीएनए होने की पुष्टि की। मृतका के कपड़ों पर वीर्य के अवशेष मिले थे। इसके साथ ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म होने की भी पुष्टि हुई है।
इस ऑटोप्सी रिपोर्ट ने मृतका के भाई, जो कि खुद एक डॉक्टर हैं, के दावों को सही ठहराया। उन्होंने अपनी बहन की हत्या होने की बात कही थी। उनके अनुसार निमृता न तो अवसादग्रस्त थी न ही अपने जीवन से परेशान थी, जिससे वह आत्महत्या जैसा कदम उठाए। घटना को लेकर बड़े पैमाने पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन के बाद सिंध सरकार ने इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए थे। सिंध हाईकोर्ट (SHC) के निर्देश पर लरकाना जिला और सत्र न्यायाधीशों की निगरानी में हत्या की आगे की जांच जारी है। (IANS)