नारोवाल: पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री अहसान इकबाल गोलीबारी की एक घटना में घायल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय वह अपने गृहनगर नारोवाल में थे। वहां वह एक राजनीतिक रैली को संबोधित करने गए थे। बताया जा रहा है कि गोली उनके दाहिने कंधे के पास लगी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इकबाल अब खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
Related Stories
बताया जा रहा है कि रैली से वापस आते वक्त नारोवाल के कंजरूर कस्बे में एक युवक ने उनको गोली मार दी। वह अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ ही रहे थे कि किसी ने हमला कर दिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत डिस्ट्रिक्ट हेडक्वॉर्टर्स हॉस्पिटल लाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और इस घटना की जांच कर रही है। संदिग्ध का नाम आबिद हुसैन है और वह उसी इलाके का रहने वाला है।
वहीं, राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने बताया कि इस घटना को अंजाम देने वाला शख्स 22 साल का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर इकबाल को इलाज के लिए लाहौर भेजा जा सकता है। पंजाब के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने अहसान इकबाल को एयरलिफ्ट करने के लिए अपना हेलिकॉप्टर पहले ही भेज दिया है। हालांकि फिलहाल आंतरिक मंत्री खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।