1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में कट्टरपंथी संगठनों का प्रदर्शन, कानून मंत्री जाहिद हामिद ने दिया इस्तीफा

पाकिस्तान में कट्टरपंथी संगठनों का प्रदर्शन, कानून मंत्री जाहिद हामिद ने दिया इस्तीफा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 26, 2017 11:45 pm IST,  Updated : Nov 26, 2017 11:57 pm IST

पाकिस्तान के कानून मंत्री ज़ाहिद हामिद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है...

zahid hamid- India TV Hindi
zahid hamid

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कानून मंत्री ज़ाहिद हामिद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले कल पाकिस्तान में राजधानी इस्लामाबाद की ओर जाने वाले राजमार्ग की घेराबंदी करके प्रदर्शन कर रहे कट्टरपंथी धार्मिक समूहों के प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सरकार की ओर से की गई कार्रवाई के बाद झड़पें शुरू हो गईं थी जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी और 200 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए थे। इसके बाद अन्य शहरों में भी हिंसा भड़क गई थी।

सरकार ने बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए सभी टेलीविजन चैनलों के साथ ही फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब जैसी सोशल मीडिया साइट पर भी रोक लगा दी थी। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों का तहरीक-ए-खत्म-ए-नबूवत, तहरीक-ए-लबैक या रसूल अल्लाह (टीएलवाईआर) और सुन्नी तहरीक पाकिस्तान (एसटी) के प्रदर्शनकारियों के साथ संघर्ष हुआ। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में आग लगा दी और नेताओं के घरों पर हमले किए।

प्रदर्शनकारियों ने कानून मंत्री जाहिद हामिद के इस्तीफे की मांग को लेकर दो सप्ताह से अधिक समय से राजधानी इस्लामाबाद जाने वाले मुख्य राजमार्गों को बाधित कर रखा था।

प्रदर्शनकारी सितंबर में चुनाव कानून 2017 में खत्म-ए-नबूवत के उल्लेख से संबंधित पारित बदलाव को लेकर कानून मंत्री जाहिद हामीद के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। सरकार ने कानून में संशोधन करके मूल शपथ को बहाल कर दिया है लेकिन कट्टरपंथी मौलवी ने मंत्री को हटाए जाने तक हटने से इनकार कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश