1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: Lockdown के बीच कराची में चौंकाने वाली घटना, पुलिसकर्मियों ने लूटा राशन और फल-सब्जी

पाकिस्तान: Lockdown के बीच कराची में चौंकाने वाली घटना, पुलिसकर्मियों ने लूटा राशन और फल-सब्जी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 06, 2020 09:04 pm IST,  Updated : Apr 06, 2020 09:04 pm IST

पाकिस्तान में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच कराची में कुछ पुलिसकर्मियों पर दुकानों से राशन लूटने और ठेलेवालों से सब्जी व फल लूटने का आरोप लगा है...

Representational pic- India TV Hindi
Representational pic

कराची: पाकिस्तान में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच राशन लूटने की कुछ घटनाएं सामने आई हैं जिनमें सबसे चौंकाने वाली घटना कराची की बताई जा रही है। यहां कुछ पुलिसकर्मियों पर दुकानों से राशन लूटने और ठेलेवालों से सब्जी व फल लूटने का आरोप लगा है। इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें कथित रूप से दिख रहा है कि कराची के ईदगाह पुलिस स्टेशन के कुछ पुलिसकर्मी एक वैन में सवार होकर दुकानों पर पहुंचकर राशन का सामान लूट रहे हैं। वीडियों में दिख रहा है कि उन्होंने ठेलेवालों को भी नहीं छोड़ा और उनसे सब्जी व फल लूट लिए।

कराची दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शरजील खराल ने इस वीडियो व घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उधर, सिंध के ही शहर हैदराबाद में लोगों ने राशन से भरे एक ट्रक को लूट लिया। इस घटना के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग एक ट्रक पर लदे आटे, चावल व राशन के अन्य सामानों की बोरियां लूट रहे हैं।

यह सरकारी राशन था जो कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण परेशान निर्धन परिवारों के बीच वितरित किया जाना था। लेकिन, भीड़ ने इसे पहले ही लूट लिया। इस भीड़ में पुरुषों और महिलाओं के साथ बच्चे भी थे जिनके सामने ट्रक के ड्राइवर व इसमें मौजूद एक ठेकेदार की कुछ नहीं चली।

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हैदराबाद में एक लाख पैंसठ हजार गरीब परिवार हैं जिन्हें लॉकडाउन के इस समय में तुरंत मदद की जरूरत है लेकिन स्थानीय प्रशासन ने अभी तक मदद उपलब्ध नहीं कराई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश