लाहौर: पाकिस्तान में तबलीगी जमात के कई सदस्यों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि के बाद लाहौर के पास स्थित रायविंड को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है। इसी शहर में तबलीगी जमात का केंद्रीय मरकज है। बता दें कि रायविंड में 11 से 15 मार्च तक तबलीगी जमात का जलसा हुआ था। जलसे के बाद यहां से बड़ी संख्या में लोग देश के अन्य हिस्सों में पहुंचे थे। सिंध के हैदराबाद में जमात के कई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। रायविंड में भी गत रविवार को 27 जमातियों में वायरस होने की पुष्टि हुई।
Related Stories
अन्य लोगों में वायरस फैलने का डर
अधिकारियों ने रायविंड को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया है क्योंकि उन्हें डर है कि मरकज समेत शहर के अन्य लोगों में वायरस फैल सकता है। शहर में किसी को भी उनके घरों से नहीं निकलने दिया जा रहा है। सार्वजनिक या निजी, किसी भी तरह के वाहन को चलने नहीं दिया जा रहा है। केवल खाने-पीने की चीजों को खरीदने के लिए कुछ देर के लिए संबंधित दुकानों को खोला जा रहा है। सिर्फ यही नहीं, केवल स्वास्थ्यकर्मियों और उनके वाहनों को शहर से आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
मरकज के 27 लोगों में संक्रमण
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, तबलीगी जमात मरकज से और अधिक संक्रमण की भारी आशंका के कारण रायविंड में एक अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई है। रविवार को मरकज के 27 लोगों में वायरस संक्रमण की पुष्टि के बाद खतरा और बढ़ गया। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल के जवान इलाके के चप्पे चप्पे पर तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कर्फ्यू जैसा यह लॉकडाउन फिलहाल तीन दिनों के लिए है। स्थिति के हिसाब से आगे का फैसला किया जाएगा।