1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पिछले 19 साल में डेढ़ गुने से ज्यादा हुई पाकिस्तान की जनसंख्या, जानें आंकड़े

पिछले 19 साल में डेढ़ गुने से ज्यादा हुई पाकिस्तान की जनसंख्या, जानें आंकड़े

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 26, 2017 03:31 pm IST,  Updated : Aug 26, 2017 03:31 pm IST

पाकिस्तान की जनगणना के मुताबिक इस समय देश में 10,418 ट्रांसजेंडर्स हैं। जानें, अब पाकिस्तान की कुल आबादी कितनी है...

Representative Image | AP Photo- India TV Hindi
Representative Image | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की आबादी वर्ष 1998 में हुई पिछली जनगणना के मुकाबले 57 फीसदी बढ़कर 20.78 करोड़ हो गई है। यह जानकारी शनिवार को जारी जनगणना के अस्थाई आंकड़ों में दी गई। काउन्सिल ऑफ कॉमन इंटरेस्ट (CCI) को सौंपे गए अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में 10.645 करोड़ पुरुष, 10.131 करोड़ महिलाएं और 10 हजार 418 ट्रांसजेंडर हैं। पांचवीं जनगणना के नतीजों से तुलना करने पर आबादी में 2.4 फीसदी की वार्षिक दर से 57 पर्सेंट की वृद्धि हुई है। पाकिस्तान में 1998 में कराई गई जनगणना के अनुसार पाकिस्तान की आबादी 13.2 करोड़ से अधिक थी।

एक पाकिस्तानी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 वीं जनसंख्या और आवास जनगणना 2017 के अस्थाई सारांश परिणामों के मुताबिक, पाकिस्तान की आबादी बढ़कर 20.78 करोड़ हो गई है। 19 वर्षों के भीतर देश की आबादी में 7.54 करोड़ की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि CCI एक संवैधानिक निकाय है। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं और 4 मुख्यमंत्री इसके सदस्य होते हैं। CCI ने शनिवार को जनगणना के अस्थाई आंकड़ों को मंजूरी दे दी। हालांकि, अंतिम नतीजे अगले साल उपलब्ध होंगे।

पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (PBS) ने इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान में तकरीबन 2 दशकों के अंतराल के बाद छठी जनगणना कराई थी। इसमें खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और संघ प्रशासित कबायली क्षेत्र (FATA) में जनसंख्या वृद्धि दर में बढ़ोतरी हुई है जबकि पंजाब और सिंध में पिछले नतीजों के मुकाबले जनसंख्या वृद्धि दर में गिरावट आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में 3.05 करोड़, FATA में 50 लाख, सिंध में 4.79 करोड़, बलूचिस्तान में 1.23 करोड़, इस्लामाबाद में 20 लाख जबकि आबादी के हिसाब से सबसे बड़े प्रांत पंजाब में 11 करोड़ लोग रहते हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने देश की जनगणना समय से पूरी करने को लेकर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स स्टाफ और मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिस्टिक्स से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि अंतिम आंकड़े जल्द जारी हों ताकि उसी अनुसार देश की आर्थिक एवं सामाजिक योजना बनाई जा सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश