1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नवाज शरीफ ने माना- मुंबई हमले के पीछे था पाकिस्तानी आतंकियों का ही हाथ

नवाज शरीफ ने माना- मुंबई हमले के पीछे था पाकिस्तानी आतंकियों का ही हाथ

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 12, 2018 09:00 pm IST,  Updated : May 12, 2018 09:01 pm IST

क्या हम उन्हें सीमा पार करने और मुंबई में 150 लोगों की हत्या करने की इजाजत दे सकते हैं?

पाकिस्तान के पूर्व...- India TV Hindi
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ।   Image Source : PTI

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने डॉन अखबार को दिए साक्षात्कार में कहा है कि 2008 के मुंबई हमले को पाकिस्तानी आतंकियों ने अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के आतंकवादी भारत में घुस गए और उन्होंने 166 भारतीयों व विदेशियों का नरसंहार किया था। शरीफ ने साक्षात्कार में कहा, "पाकिस्तान में आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं।" 

उन्होंने मुंबई हमले में 10 आतंकवादियों के शामिल होने का स्पष्ट रूप से इशारा करते हुए कहा, "इसका जवाब दीजिए, उन्हें 'अराजक तत्व' कहकर, क्या हम उन्हें सीमा पार करने और मुंबई में 150 लोगों की हत्या करने की इजाजत दे सकते हैं?" शरीफ ने मुंबई हमले के साजिशकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, "हमलोग क्यों नहीं मुकदमा पूरा कर सकते हैं?" पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा को इस हमले का जिम्मेदार माना जाता है। शरीफ ने कहा, "यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यह वही है, जिसके लिए हम संघर्ष कर रहे हैं। (रूस के) राष्ट्रपति पुतिन ने इस बारे में कहा है। (चीन के) राष्ट्रपति जिनपिंग ने इस बारे में कहा है।" 

भ्रष्टाचार के आरोप में पद से हटाए गए शरीफ ने मुल्तान में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले कहा, "आप उस देश को नहीं चला सकते, जहां दो या तीन समानांतर सरकारें चल रही हों। इसे रोकना होगा। केवल एक ही सरकार होनी चाहिए, संवैधानिक सरकार।" यह पूछे जाने पर कि उन्हें क्यों पद से हटा दिया गया? उन्होंने सीधा कोई जवाब नहीं दिया और बात को विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा की तरफ मोड़ दिया। उन्होंने कहा, "हमने अपने आपको अलग-थलग कर लिया है। बलिदान देने के बावजूद, हमारी बात को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। अफगानिस्तान की बात को स्वीकार किया जा रहा है, हमारी बात को नहीं। हमें अवश्य इसपर ध्यान देना चाहिए।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश