1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ...और अब पाकिस्तान ने भारत को कहा अडियल

...और अब पाकिस्तान ने भारत को कहा अडियल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 08, 2016 07:11 pm IST,  Updated : Dec 08, 2016 07:14 pm IST

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज भारत पर बातचीत की बहाली को लेकर अडि़यल होने का आरोप लगाया और कहा कि द्विपक्षीय संवाद परिणाम उन्मुख होना चाहिए जिससे कश्मीर मुद्दे का समाधान हो सके। पाकिस्तानी विदेश विभाग

नफीस जकारिया- India TV Hindi
नफीस जकारिया

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने आज भारत पर बातचीत की बहाली को लेकर अडि़यल होने का आरोप लगाया और कहा कि द्विपक्षीय संवाद परिणाम उन्मुख होना चाहिए जिससे कश्मीर मुद्दे का समाधान हो सके। पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि भारत के साथ बातचीत सिर्फ बातचीत के लिए नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह परिणाम उन्मुख और सतत होनी चाहिए। रेडियो पाकिस्तान के अनुसार उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से कई मौकों पर पहल करने के बावजूद भारत बातचीत की बहाली को लेकर अडि़यल रहा है। जकारिया ने कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता से जुड़े अमेरिका के निर्वाचित उप राष्ट्रपति माइक पेंस के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि पाकिस्तान का मानना है कि इस विवाद के समाधान में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भूमिका निभानी है।

पेंस ने एक अमेरिकी चैनल से कहा कि अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समझौते कराने के अपने अद्भुत कौशल का इस्तेमाल दुनिया भर में समस्याओं एवं तनावों को सुलझाने के लिए कर सकते हैं। उनसे सवाल किया गया था कि क्या ट्रंप कश्मीर मामले के समाधान में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकते हैं। जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान ने पहले ही ट्रंप, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और चीन एवं ईरान जैसे मित्र देशों के बयानों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर में कोई भी तथ्यान्वेषी मिशन ले जाने से इंकार किया है लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय को नयी दिल्ली को ऐसी मांगें स्वीकार करने के लिए मनाना होगा।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जकारिया ने कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से मानवाधिकारों का उल्लंघन किये जाने की निंदा की। भारत की ओर से हथियारों की खरीद के संदर्भ में पूछे गये सवाल पर जकारिया ने कहा कि इससे क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए खतरा पैदा होता है। हाल ही में अमृतसर में संपन्न हुए हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन के संदर्भ में जकारिया ने कहा कि भारत ने कश्मीर में अपने अपराधों को छिपाने के लिए इस बैठक के दौरान नकारात्मकता फैलाई। उन्होंने कहा, इसने अफगानिस्तान में शांति की संभावनाओं को लेकर भारत के दावे को बेनकाब भी किया क्योंकि उसने अफगानिस्तान में शांति एवं स्थिरता को बढ़ाने के मकसद से कायम मंच का दुरूपयोग किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश