पेशावर: शाहरुख खान के लिए एक खास सैंडल बनाने का दावा करना उनके एक पाकिस्तानी फैन को काफी महंगा पड़ गया। खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान के शहर पेशावर में शाहरुख के लिए हिरण की चमड़ी से बने पेशावरी सैंडल बनाने पर एक शख्स को जेल की हवा खानी पड़ गई।
बताया जा रहा है कि बॉलीवुड के किंग शाहरुख के पेशावर में रहने वाले रिश्ते के एक भाई पिछले शुक्रवार को जूते बनाने का काम करने वाले जहांगीर खान के पास गए थे। उन्होंने जहांगीर को शाहरुख के लिए दो जोड़ी पेशावरी सैंडल बनाने के लिए कहा था। जहांगीर खान ने ऑर्डर ले लिया और शाहरुख के लिए हिरण की चमड़ी के सैंडल बनाए। बस यहीं से उसके लिए मुसीबत शुरू हो गई और उसे जेल की हवा खानी पड़ी।
इस मामले पर स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘जहांगीर खान वास्तव में शाहरुख खान का बड़ा प्रशंसक है और यह ऑर्डर मिलने पर उसने बॉलीवुड अभिनेता के लिए एक विशेष तोहफा भेजने का फैसला लिया। उसने अपनी ओर से उनके लिए हिरण की चमड़ी के सैंडल बनाए।
उन्होंने बताया,‘ खबर फैलने के बाद वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने हमसे संपर्क किया और शिकायत दर्ज करायी। हमें जहांगीर को गिरफ्तार करना पड़ा और अब वह जेल में है।’ पेशावर में वन्यजीव अधिकारी का कहना है कि जहांगीर हिरण की चमड़ी का सैंडल बना रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
अधिकारी ने कहा, यदि वह हिरण की चमड़ी का प्रयोग कर रहा था तो उसपर जुर्माना लगेगा और मुकदमा भी चलेगा।