इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने इस महीने के आखिर में होने वाले दक्षेस मंत्री स्तरीय सम्मेलन में अच्छे मेजबान की भूमिका निभाने और उस तनावपूर्ण माहौल से बचने का फैसला किया है जो गृह मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया दौरे के समय बन गया था। वह इस सम्मेलन में वित्त मंत्री अरुण जेटली का गर्मजोशी भरा स्वागत देगा। जेटली दक्षेस वित्त मंत्री सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं जिसकी मेजबानी पाकिस्तान 25 और 26 अगस्त को इस्लामाबाद में करेगा।
पाकिस्तानी वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान पाकिस्तान के वित्त मंत्री इसहाक डार और उनके भारतीय समकक्ष सौहार्दपूर्ण ढंग से हाथ मिला सकते हैं। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार सरकार ने आगामी दक्षेस सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। डार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सम्मेलन के इंतजामों की समीक्षा की गई।
बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान अच्छे मेजबान की भूमिका अदा करेगा और पूरे माहौल को सकारात्मक बनाए रखने का प्रयास करेगा। इस महीने की शुरूआत में दक्षेस मंत्री स्तरीय बैठक में माहौल तनावपूर्ण हो गया था जब सिंह और पाकिस्तानी गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान के बीच तल्ख बयानबाजी हुई थी। दोनों ने आतंकवाद और कश्मीर में हिंसा को लेकर एक दूसरे के देशों पर निशाना साधा था।
समाचार पत्र एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि गृह मंत्री सम्मेलन में वैमनस्य चरम पर था और डार इसे दोहराना नहीं चाहते। अधिकारियों ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को छोड़कर सभी क्षेत्रीय देशों ने अपने वित्त मंत्री की भागीदारी की पुष्टि की है।