1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जानें, अब अदियाला जेल से भी क्यों हटाए जाएंगे नवाज शरीफ और मरियम!

जानें, अब अदियाला जेल से भी क्यों हटाए जाएंगे नवाज शरीफ और मरियम!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2018 05:12 pm IST,  Updated : Jul 19, 2018 05:12 pm IST

भ्रष्टाचार के मामले में 10 साल कैद की सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को अदियाला जेल से हटाया जा रहा है।

Pakistani authorities to shift Nawaz, Maryam to Sihala rest house | AP- India TV Hindi
Pakistani authorities to shift Nawaz, Maryam to Sihala rest house | AP

लाहौर: भ्रष्टाचार के मामले में 10 साल कैद की सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को अदियाला जेल से हटाया जा रहा है। दरअसल, रावलपिंडी के उच्च सुरक्षा वाली इस जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज को सुरक्षा कारणों से सिहाला रेस्ट हाउस भेजा जा रहा है। जेल अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार की सुबह कैदियों के शरीफ के खिलाफ नारेबाजी किए जाने के बाद इस्लामाबाद के पास स्थित सिहाला को उप-कारागार में भेजने का फैसला लिया गया है।

आपको बता दें कि लंदन में 4 लग्जरी फ्लैटों के मालिक होने के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद जवाबदेही ब्यूरो (NAB) ने 13 जुलाई को शरीफ (68) और मरियम (44) को लंदन से लाहौर वापस आते ही गिरफ्तार कर लिया था। पनामा पेपर्स कांड से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में शरीफ को 10 साल जबकि मरियम को 7 साल कारावास की सजा सुनाई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार की सुबह कैदियों की नारेबाजी के बाद अदियाला जेल के अधिकारियों ने शरीफ के घूमने-फिरने पर आंशिक रूप से रोक लगा दी है।

बताया जा रहा है कि अब शरीफ को जेल में स्थित मस्जिद में नमाज अदा करने की भी इजाजत नहीं होगी। सूत्रों के अनुसार, जेल अधिकारी शरीफ और मरियम को सिहाला पुलिस कॉलेज परिसर में स्थित सिहाला रेस्ट हाउस (सफवात लॉज) भेजने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरीफ को जेल में भी टीवी, पर्सनल कुक और लॉन जैसी सुविधाएं मिली हुई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश