नई दिल्ली: उरी आतंकी हमले के बाद उत्पन्न विद्वेष के बीच पाकिस्तान ने भारत में गुरूवार से शुरू होने वाले दक्षेस देशों के शीर्ष सुरक्षा विशेषज्ञों के सम्मेलन में अपने खुफिया प्रमुख को नहीं भेजने का निर्णय किया है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षेस बैठक में पाकिस्तान के खुफिया ब्यूरो के महानिदेशक आफताब सुल्तान हिस्सा नहीं लेंगे और उस देश का प्रतिनिधित्व पाकिस्तान उच्चायोग का एक अधिकारी करेगा।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (दक्षेस) के उच्च स्तरीय विशेषज्ञों की बैठक यहां हो रही है जिसकी मेजबानी खुफिया ब्यूरो के निदेशक दिनेश्वर शर्मा कर रहे हैं। इसमें नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, मालदीव, भारत के खुफिया प्रमुख हिस्सा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि रविवार को उरी के सैन्य शिविर पर आतंकी हमले में 18 सैनिक शहीद हो गए थे और कश्मीर घाटी में हिजबुल मुजाहिदीन आतंकी बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पिछले दो महीने से अशांत स्थिति है। इनके कारण दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में खटास आई है।
गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, दक्षेस देशों के उच्च स्तरीय विशेषग्यों की दूसरी बैठक 22 और 23 सितंबर को हो रही है। इसका उद्देश्य दक्षेस आतंकवाद विरोध मंत्र को मजबूत बनाना है। ऐसी पहली बैठक फरवरी 2012 में नई दिल्ली में हुई थी।