1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पनामागेट पर चुप रहने के लिए नवाज शरीफ ने 10 अरब रुपये की पेशकश की थी : इमरान खान

पनामागेट पर चुप रहने के लिए नवाज शरीफ ने 10 अरब रुपये की पेशकश की थी : इमरान खान

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 27, 2017 09:04 pm IST,  Updated : Apr 27, 2017 09:04 pm IST

पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ प्रमुख इमरान खान ने दावा किया है कि पनामा लीक मुद्दे पर मुंह बंद रखने के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने उन्हें 10 अरब रूपये देने की पेशकश की थी।

Imran khan- India TV Hindi
Imran khan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ प्रमुख इमरान खान ने दावा किया है कि पनामा लीक मुद्दे पर मुंह बंद रखने के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने उन्हें 10 अरब रूपये देने की पेशकश की थी। हालांकि, सरकार ने इस आरोप को खारिज कर दिया है। हालांकि, इमरान ने स्पष्ट कर दिया कि शरीफ ने उन्हें सीधे तौर पर रकम की पेशकश नहीं की थी बल्कि उनकी ओर से यह पेशकश आई थी। 

खान ने एआरवाई न्यूज को बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ के मित्रों में शामिल एक व्यक्ति ने उन्हें पनामा लीक मुद्दे पर चुप रहने के लिए 10 अरब रूपये की पेशकश की थी। खान ने कहा कि वह व्यक्ति उनसे करीब दो हफ्ते पहले मिला था और बताया कि उसे यह काम दिया गया है। क्रिकेटर से नेता बने 64 वर्षीय खान ने कहा, 'वह मुझसे करीब दो हफ्ते पहले मिलने आए थे और पेशकश के बारे में मुझे बताया था।'

उनके हवाले से खान ने बताया, '10 अरब रूपया तो सिर्फ शुरूआत मात्र है। यदि मैंने कुछ नरमी दिखाई तो वे मुझे उससे भी ज्यादा दे सकते हैं।' हालांकि, मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ ने लाहौर में एक कार्यक्रम में खान के दावे को खारिज करते हुए कहा, इमरान खान ने झूठ बोलने का एक रिकार्ड बनाया है। जियो न्यूज ने उनके हवाले से बताया, 'मुझे इस विषय को अदालत में ले जाने का अधिकार है।' आरोपों पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि इमरान जादूगर हैं। उन्होंने 10 अरब रूपये का दावा करने को लेकर इमरान को झूठा बताया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश