1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. आतंकी हाफिज सईद के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं परवेज मुशर्रफ

आतंकी हाफिज सईद के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं परवेज मुशर्रफ

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 04, 2017 06:57 pm IST,  Updated : Dec 04, 2017 06:57 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि वह हाफिज सईद के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं...

Pervez Musharraf and Hafiz Saeed | AP Photo- India TV Hindi
Pervez Musharraf and Hafiz Saeed | AP Photo

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि वह हाफिज सईद के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इससे पहले मुशर्रफ ने खुद को 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सबसे बड़ा समर्थक कहा था। एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल द्वारा सईद के साथ गठबंधन पर पूछे सवाल के जवाब में मुशर्रफ ने कहा, 'अभी तक उन लोगों के साथ कोई बात नहीं हुई, लेकिन अगर गठबंधन का हिस्सा बनना चाहेंगे तो मैं उनका स्वागत करूंगा।'

इससे पहले मुशर्रफ ने 23 राजनीतिक दलों का एक ‘महागठबंधन’ बनाया था, जिसमें सुन्नी तहरीक, मजलिस-ए-वहातुदुल मुसलमीन, पाकिस्तान आवामी तहरीक और मुशर्रफ की अपनी ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग जैसी 20 से ज्यादा पार्टियां शामिल थीं। हालांकि गठबंधन बनने के कुछ घंटों बाद ही दो बड़ी पार्टियों, पाकिस्तान अवामी तहरीक और मजलिस वहदत-ए-मुसलमीन, ने मुशर्रफ की अगुवाई वाले गठबंधन का हिस्सा होने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा कुछ छोटी पार्टियों ने भी गठबंधन का हिस्सा बनने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।

गौरतलब है कि हाफिज सईद को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। मुंबई हमले में भूमिका को लेकर सईद को अमेरिका ने साल 2008 में आतंकवादी घोषित किया था और उसके ऊपर 1 करोड़ डॉलर का इनाम भी रखा है। सईद ने बीते शनिवार को ही 2018 में होने वाले आम चुनावों में शिरकत करने की बात कही थी। सईद ने यह घोषणा नजरबंदी से अपनी रिहाई के कुछ दिन बाद ही की। हालांकि, सईद ने यह नहीं बताया कि वह कहां से चुनाव लड़ेगा। जमात-उद-दावा ने इसी साल अगस्त में मिली मुस्लिम लीग (MML) नाम की राजनीतिक पार्टी का गठन किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश