इस्लामाबाद: पाकिस्तान भले ही यह कहता रहे कि वह अपनी जमीन पर पनप रहे आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है, लेकिन उसका दोमुंहा चेहरा एक बार फिर से बेनकाब हो गया है। प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा के चेहरे जमात-उद-दावा ने लोगों को रमजान के महीने में भारत, अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ जिहाद करने का आवाह्न किया है। मुंबई हमलों के मास्टरमाइंट हाफिज सईद के एक प्रमुख सहयोगी को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित रावलकोट में लोगों के सामने भड़काऊ भाषण देते हुए देखा गया।
Related Stories
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हाफिज के इस सहयोगी का नाम मौलाना बशीर अहमद खाकी है, जिसने साफतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही उसने लोगों से भारत के टुकड़े करने के लिए युद्ध छेड़ने का आवाह्न किया। खुद को लश्कर चीफ हाफिज का दूत बताते हुए मौलाना बशीर ने कहा, 'इस्लाम का झंडा भारत और अमेरिका में भी फहराया जाएगा। मोदी की हत्या होगी। जैसे-जैसे शहीदों की संख्या बढ़ती जाएगी वैसे-वैसे भारत और इस्राइल के टुकड़े होंगे। जमात-उद-दावा के सिपाही कश्मीर में जिहाद कर रहे हैं और भारतीय फौज से लड़ रहे हैं।'
उसने कहा कि उसके लड़ाके कश्मीर की आजादी और भारत की बर्बादी के लिए जिहाद कर रहे हैं। साथ ही उसने यह भी कहा कि लोगों को काफिरों के खिलाफ जिहाद का झंडा बुलंद करने के लिए आगे आना चाहिए। गौरतलब है कि लश्कर-ए-तैय्यबा को एक आतंकी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया गया है और इसके मुखिया हाफिज पर अमेरिका की तरफ से एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया है।