1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना बंद करे: जॉन केरी

पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना बंद करे: जॉन केरी

 Written By: IANS
 Published : Sep 20, 2016 09:40 pm IST,  Updated : Sep 20, 2016 09:40 pm IST

अमेरिकी विदेशमंत्री जॉन केरी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से कहा है कि इस्लामाबाद हर हाल में आतंकवादियों को पनाह देना बंद कर दे।

Jhon kerry- India TV Hindi
Jhon kerry Image Source : PTI

न्यूयॉर्क: अमेरिकी विदेशमंत्री जॉन केरी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से कहा है कि इस्लामाबाद हर हाल में आतंकवादियों को पनाह देना बंद कर दे। केरी ने उरी में भारतीय सेना के शिविर पर हमले को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की। 

विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि केरी ने सोमवार को शरीफ के साथ मुलाकात के दौरान इस बात को दोहराया कि पाकिस्तान को सभी आतंकवादियों को अपनी धरती को एक सुरक्षित पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल करने से रोकने की जरूरत है।

किर्बी ने कहा, "प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और विदेशमंत्री केरी ने कश्मीर में, खासतौर से सैन्य शिविर पर, हाल की हिंसा पर गंभीर चिंता जाहिर की और तनाव घटाने की जरूरत पर जोर दिया।"

किर्बी ने कहा कि केरी ने परमाणु हथियार कार्यक्रमों में संयम बरतने की जरूरत पर भी जोर दिया। दोनों नेताओं की बातचीत मजबूत, दीर्घकालिक द्विपक्षीय रिश्ते पर और अमेरिका-पाकिस्तान रणनीतिक संवाद पर आगे बढ़ने के तरीके पर केंद्रित रही।

शरीफ ने अमेरिका से मांगी मदद

पाकिस्तानी मीडिया की रपट के अनुसार, मुलाकात के दौरान शरीफ ने भारत-पाकिस्तान के मुद्दों को सुलझाने के लिए अमेरिका की मदद मांगी।

डॉन की रपट के अनुसार, शरीफ ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि अमेरिकी प्रशासन और विदेश मंत्री केरी पाकिस्तान और भारत के बीच के मद्दे सुलझाने में मदद के लिए अपनी क्षमता का इस्तेमाल करेंगे। मुझे (पूर्व) राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का वह वादा अभी भी याद है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका द्विपक्षीय विवादों को और भारत-पाकिस्तान के बीच के मुद्दों को सुलझाने में मदद करने में अपनी भूमिका निभाएगा।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश