इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अधिकारियों ने एक अधिसूचना जारी कर पंजाब प्रांत के सभी सार्वजनिक और अकादमिक पुस्तकालयों को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की जीवनी की प्रतियां रखने के लिए कहा है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
'पाकिस्तान टुडे' की गुरुवार की रिपोर्ट के मुताबिक, अर्काइव्ज एंड लाइब्रेरीज विंग ऑफ द सर्विसेज एंड जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने एक अधिसूचना में सार्वजनिक पुस्तकालयों के महानिदेशक, निदेशक लोक शिक्षण (कॉलेज) और निदेशक लोक शिक्षण (स्कूल) से तारिक अहमद खान की लिखी 'मियां मोहम्मद नवाज शरीफ दास्तान-ए-हयात' की प्रतिया रखने को कहा है।
अर्काइव्ज एंड लाइब्रेरीज विंग के सचिव अहमद रजा सरवर ने कहा कि उनके संस्थान को कई किताबें मिली हैं। इनमें शरीफ की जीवनी भी शामिल है। इसे लेखक की समीक्षा के अनुरोध के साथ लोगों के अवलोकन व अनुमोदन लिए लिया गया है।
उन्होंने कहा कि समिति किताब में किसी भी आपत्तिजनक, हिंसक, घृणा और पाकिस्तान विरोधी या धर्म विरोधी सामग्री की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि यह राजनीति से प्रेरित कदम नहीं है और इसे न ही बच्चों के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की मंशा है। उन्होंने कहा कि समिति उसी तरह किताब को मंजूरी देगी जैसे सेंसर बोर्ड फिल्म को मंजूरी देता है।