यरूशलम: गाजा से फलस्तीनी उग्रवादियों ने दक्षिणी इस्राइल में दो रॉकेट दागे लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। गाजा की इस कार्रवाई के बाद इस्राइल ने कई हवाई हमले किए। कल किए गए इन हमलों में दोनों ओर से कोई हताहत नहीं हुआ। एक रॉकेट स्देरॉट शहर में सड़क के किनारे खड़ी बस पर गिरा जबकि इस्राइली सेना ने कहा कि दूसरे रॉकेट को उसकी आयरॅन डोम रक्षा प्रणाली ने एश्केलॉन शहर के उपर नष्ट कर दिया। गाजा में एक प्रत्यक्षदर्शी और एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस्राइली लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा में एजेदीन अल कासम ब्रिगेड्स के एक ठिकाने पर बम गिराए।
एजेदीन अल कासम ब्रिगेड्स इस्लामिक मूवमेंट हमास की सैन्य शाखा है। सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हवाई हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। रॉकेट दागे जाने की अब तक किसी भी गुट ने जिम्मेदारी नहीं ली है। रॉकेट ऐसे समय पर दागे गए जब यरूशलम तथा अधिकृत पश्चिमी तट में हमास ने, शहर की अल अक्सा मस्जिद परिसर में व्याप्त तनाव को लेकर विरोध दिवस का आह्वान किया जिसके बाद फलस्तीनियों का इस्राइल सुरक्षा बलों से टकराव हुआ।