1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. रूस में विपक्षी नेता नवलनी के समर्थन में प्रदर्शन, पांच हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए

रूस में विपक्षी नेता नवलनी के समर्थन में प्रदर्शन, पांच हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 01, 2021 09:31 am IST,  Updated : Feb 01, 2021 09:31 am IST

रूस में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन को जारी रखते हुए रविवार को हजारों लोग विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की रिहाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतरे। 

रूस में विपक्षी नेता नवलनी के समर्थन में प्रदर्शन, पांच हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए- India TV Hindi
रूस में विपक्षी नेता नवलनी के समर्थन में प्रदर्शन, पांच हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए Image Source : AP

मास्को: रूस में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन को जारी रखते हुए रविवार को हजारों लोग विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की रिहाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतरे। इस प्रदर्शन से क्रेमलिन (रूसी सरकार का मुख्यालय) परेशान है। एक निगरानी संगठन के अनुसार पुलिस ने 5,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें से कई के साथ मारपीट भी की गई है। रूसी अधिकारी बड़े पैमाने पर हुए प्रदर्शन से निपटने के लिये हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। 

पिछले सप्ताहांत भी देशभर में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया था। हाल के वर्षों में हुए विरोध का यह सबसे मुखर स्वरूप है। कैद करने की धमकियों, सोशल मीडिया समूहों को चेतावनी तथा पुलिस का डर दिखाये जाने के बावजूद रविवार को कई शहरों में जबर्दस्त प्रदर्शन हुआ। नवलनी के दल ने मंगलवार को मास्को में एक और प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसी दिन नवलनी के मामले पर अदालत में सुनवाई होनी है। 

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक और भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम चलाने वाले नवलनी (44) को जर्मनी से लौटते ही 17 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था। नवलनी को नर्व एजेंट (जहर) दिया गया था और उनका करीब पांच महीने जर्मनी के एक अस्पताल में इलाज चला था। उन्होंने जहर देने का आरोप क्रेमलिन पर लगाया है। इस बीच, अमेरिका ने रूस से नवलनी को रिहा करने की अपील की है और प्रदर्शनों पर दमनात्मक कार्रवाई की निंदा की है। 

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने ट्वीट किया, ‘‘ अमेरिका शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों एवं पत्रकारों पर लगातार दूसरे सप्ताह कठोर कार्रवाई की निंदा करता है।’’ रूस के विदेश मंत्रालय ने ब्लिंकेन के ट्वीट के जवाब में कहा, ‘‘यह रूस के आंतरिक मामलों में दखलंदाजी है।’’ राजनीतिक गिरफ्तारियों पर नजर रखने वाले संगठन ‘ओवीडी-इन्फो’ के अनुसार रविवार को पुलिस ने विभिन्न शहरों में 5,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश