इस्लामाबाद: दक्षेस सम्मेलन में कश्मीर मुद्दा उठाते हुए पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने आज आरोप लगाया कि कश्मीर में की जा रही हिंसा खुला आतंकवाद है। दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों के एक दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए खान ने यहां भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा बल के प्रयोग की तुलना आतंकवाद से की।
स्थानीय मीडिया के अनुसार उन्होंने कहा कि आजादी के लिए लड़ने और आतंकवाद के बीच अंतर होता है। उन्होंने बिना लिखा हुआ भाषण देते हुए कहा कि कश्मीर के निर्दोष लोगों के खिलाफ की जा रही हिंसा खुला आतंकवाद है।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि ऐसा लगता है कि खान ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह के भाषण का जवाब देने के लिए लिखित नोट्स को नजरअंदाज किया। सिंह ने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर उसकी आतंकवाद का समर्थन करने पर उसकी निंदा की है।
द एक्सप्रेस न्यूज ने खबर दी कि खान ने अपनी सीट से उठकर सदस्य देशों के गृह मंत्रियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर एक एक करके जवाब दिया। उन्होंने कहा, हमने हमेशा अपने सभी पड़ोसियों के साथ करीबी सहयोग से काम करने का इच्छा रखी है और हमारा मानना है कि सभी लंबित मुद्दों पर बातचीत के जरिए उसका समाधान निकाला जाना चाहिए।
खान ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारी नुकसान झेलना पड़ा है और उनका देश निर्दोषों की जान ले रही आतंक की हर घटना की निंदा करता है।