1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. श्रीलंका में कोविड-19 से एक दिन में सबसे ज्यादा 101 मरीजों की मौत

श्रीलंका में कोविड-19 से एक दिन में सबसे ज्यादा 101 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 11, 2021 06:19 pm IST,  Updated : Jun 11, 2021 06:19 pm IST

श्रीलंका में महामारी की शुरुआत के बाद से गुरुवार को कोविड-19 से 101 मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 2,000 के पार पहुंच गई है।

Sri Lanka, Sri Lanka Coronavirus, Sri Lanka Covid-19 Death Toll, Sri Lanka Covid-19 Death- India TV Hindi
श्रीलंका में महामारी की शुरुआत के बाद से गुरुवार को कोविड-19 से 101 मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 2,000 के पार पहुंच गई है। Image Source : AP

कोलंबो: भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका पर कोरोना वायरस महामारी का कहर बुरी तरह टूट रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में महामारी की शुरुआत के बाद से गुरुवार को कोविड-19 से 101 मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 2,000 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि श्रीलंका में कोरोना वायरस से संक्रमण के चलते अब तक कुल मिलाकर 2,011 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने बताया कि देश में अभी कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर चल रही है।

‘जान गंवाने वाले ज्यादातर मरीजों की उम्र 65-75 के बीच’

अधिकारियों ने बताया कि वायरस के संक्रमण से गुरुवार को 101 लोगों ने दम तोड़ दिया जो मार्च 2020 में देश में महामारी की शुरुआत के बाद से एक दिन में सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण से कैंडी जिला के पुसेलावा शहर में बुधवार को 8 दिन के एक बच्चे की भी मौत हो गई। यह मासूम देश में सबसे कम उम्र का कोविड मरीज था। अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाले अधिकतर मरीजों की उम्र 65-75 वर्ष के बीच है।

अब तक कुल मिलाकर 2.17 लाख लोग हुए संक्रमित
श्रीलंका में अप्रैल के बाद से संक्रमण दर और मृत्यु के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है जिसके लिए पिछले महीने पारंपरिक नववर्ष उत्सव के आयोजन और इस दौरान हुई खरीदारी को आंशिक रूप से जिम्मेदार बताया जा रहा हैं। देश में अब कुल मिलाकर 2,17,000 लोग संक्रमित हुए हैं। मौजूदा लहर के मद्देनजर मई की शुरुआत में यात्रा प्रतिबंध के रूप में लॉकडाउन लगाया गया है। 14 जून को ये पाबंदी हटने की संभावना है।

विशेषज्ञों ने दी थी संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की सलाह
बता दें कि 15 अप्रैल से महामारी की तीसरी लहर के शुरू होने के बाद स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की सलाह दी थी जिसके बाद यह यात्रा पाबंदी लगाई गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश