काबुल: तालिबान ने उत्तरी तखार प्रांत के एक जिले पर कब्जा कर लिया है और सेना उसेे फिर से हासिल करने के प्रयास कर रही है जिसके कारण आज दोनों पक्षों के बीच कड़ा संघर्ष हो रहा है। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता सोनातुल्ला तैमोर के अनुसार दरकाद जिले को लेकर जारी संघर्ष में अफगान सुरक्षा बल के छह कर्मी मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र गत सोमवार को उत्तर अफगानिस्तान में आये भूकंप से प्रभावित नहीं हुआ था। उस भूकंप का केंद्र पड़ोसी प्रांत बदख्शन में स्थित था।
तालिबान प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने मीडिया संगठनों को ईमेल करके कहा कि दरकाद के लिए संघर्ष आज सुबह शुरू हुआ। उसने बताया कि तालिबान के दो लड़ाके मारे गए और आतंकवादियों ने पुलिस मुख्यालय सहित सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया। अफगान अधिकारियों ने कहा कि तालिबान ने इस्लामी मूवमेंट आफ उज्बेकिस्तान जैसे अन्य आतंकवादी संगठनों से हाथ मिला लिया है। तालिबान उत्तर की ओर से बढ़ रहा है। सितम्बर के आखिर में तालिबान ने उत्तरी कुंदूज प्रांत की राजधानी कुंदूज पर नियंत्रण हासिल कर लिया था और उस पर तीन दिनों तक कब्जा जमाये रखा। उसके बाद अफगान बलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की थी।