इस्लामाबाद: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के 100 समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। समर्थक पार्टी प्रमुख इमरान खान के आवास तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) ने दो नवंबर को इस्लामबाद बंद का आह्वान किया है। इमरान खान ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे प्रशासन की सख्ती के बावजूद इस्लामाबाद के बानी गाला क्षेत्र में स्थित उनके आवास पर पहुंचें चाहे इसके लिए उन्हें पहाड़ पर भी क्यों न चढ़ना पड़े। इसके बाद पीटीआई कार्यकर्ता बुधवार को इस्लामाबाद में विरोध रैली निकालेंगे।
'डॉन' के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बानी गाला क्षेत्र के रास्ते में सुनसान जगहों पर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया और आग लगा दी। पुलिस ने इसके बाद उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के मार्च को रोकने के लिए लिंक रोड और बानी गाला क्षेत्र के बीच चेक पोस्ट लगा रखा है। इस बीच, पुलिस ने दावा किया है कि पीटीआई नेता अमीन गंदापुर की कार से छह कलाशनिकोव रायफल, कुछ मैगजीन, बुलेट प्रूफ जैकेट, शराब की कुछ बोतलें बरामद की गई हैं।
उधर अमीन का कहना है कि कार से दो कलाशनिकोव रायफल बरामद हुई जिसका लाइसेंस उनके पास है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लाइसेंस देखने के बाद उन्हें जाने दिया। पुलिस ने 27 अक्टूबर को सरकार के खिलाफ पीटीआई की युवा शाखा के आयोजन से 200 पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इमरान खान ने नवाज शरीफ की सत्ताधारी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था।
पीटीआई पनामा पेपर में मनी लॉन्ड्रिंग (काले धन को सफेद करने) के मामले में नवाज शरीफ का नाम आने के बाद शरीफ के इस्तीफे की मांग कर रही है। सरकार ने कहा है कि वह पीटीआई को दो नवंबर को इस्लामाबाद बंद करने की इजाजत नहीं देगी। सरकार ने दो माह के लिए इस्लामाबाद में राजनीतिक रैली पर प्रतिबंध लगा दिया है।