कागोशिमा: पूरी दुनिया में बीते कई दिनों से कुदरत का खतरनाक रूप देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में दुनिया के कई हिस्सों में आए तूफानों में दर्जनों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जबकि इंडोनेशिया में भूकंप और सुनामी ने 400 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाया है। वहीं, शक्तिशाली तूफान त्रामी रविवार को तेजी से जापान के मुख्य भूभाग की ओर बढ़ रहा है। इससे पहले तूफान के कारण दक्षिण द्वीप पर कई लोग घायल हुए।
Related Stories
मौसम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से भूस्खलन और बाढ़ का खतरा है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में तूफान के कारण यात्रा बाधित हुई है। पश्चिमी जापान में बुलेट ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं और करीब 1,000 उड़ानें रद्द की गई हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि टेलीविजन फुटज में दिखाई दिया कि ओकीनावा में हवा का प्रकोप इस कदर है कि कारें पलट गई। कई मकान जलमग्न हो गए या क्षतिग्रस्त हो गए और 38 लोगों को मामूली चोटें आई हैं लेकिन किसी के मरने की आशंका नहीं हैं।
सरकारी प्रसारणकर्ता एनएचके के अनुसार, अधिकारियों ने 349,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है जबकि 300,000 से ज्यादा घरों की बिजली काट दी गई है। कागोशिमा के आपदा प्रबंधन सेक्शन के एक अधिकारी मसाकी तमाकी ने कहा, ‘हम लोगों से घरों के भीतर रहने का अनुरोध करते हैं क्योंकि अब बाहर निकलना बेहद खतरनाक है।’