वाशिंगटन/इस्लामाबाद: अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2011 से पाकिस्तान को अमेरिका की सुरक्षा सहायता में 73% की कमी आई है। ओसामा बिन लादेन के ऐबटाबाद स्थित ठिकाने पर नेवी सील के हमले के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों के खराब होने के चलते ऐसा हुआ है।
कांग्रेस की शोध सेवा (CRS) ने अमेरिकी कांग्रेस के लिए यह रिपोर्ट तैयार की है। इसमें साल 2002 से 2015 के बीच दी गई सैन्य और आर्थिक सहायता, दोनों को शामिल किया गया है। साथ ही साल 2016 और 2017 के लिए आवंटित सहायता राशि को भी शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि इस महीने की शुरूआत में पेंटागन ने इस्लामाबाद को सैन्य अदायगी के रूप में 30 करोड़ डॉलर नहीं अदा करने का फैसला किया था। दरअसल, पाकिस्तान ने हक्कानी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने की अनिच्छा जताई थी। हालांकि, पाकिस्तान ने इस आरोप को फौरन खारिज कर दिया था।