1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में लगे देश विरोधी नारे, MQM प्रमुख पर देशद्रोह का केस दर्ज

पाकिस्तान में लगे देश विरोधी नारे, MQM प्रमुख पर देशद्रोह का केस दर्ज

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 24, 2016 07:28 am IST,  Updated : Aug 24, 2016 07:28 am IST

पाकिस्तान ने एमक्यूएम के प्रमुख अल्ताफ हुसैन पर देशद्रोह का मामला दर्ज कराया। हुसैन पर यहां भड़काउ भाषण देकर पार्टी कार्यकर्ताओं को मीडिया प्रतिष्ठानों पर हमले के लिए उकसाने का आरोप है।

MQM- India TV Hindi
MQM

कराची: पाकिस्तान ने एमक्यूएम के प्रमुख अल्ताफ हुसैन पर देशद्रोह का मामला दर्ज कराया। हुसैन पर यहां भड़काउ भाषण देकर पार्टी कार्यकर्ताओं को मीडिया प्रतिष्ठानों पर हमले के लिए उकसाने का आरोप है। मुत्ताहिदा-ए-कौमी मूवमेंट के नेता हुसैन पर एक विरोध प्रदर्शन रैली में पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी करने का आरोप है। रैली हिंसक हो गयी थी।

एमक्यूएम के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मीडिया संगठन के कई पत्रकारों पर हमला किया। प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की और हवा में गोलीबाजी की जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

जियो न्यूज की खबर के अनुसार सिंध के महानिरीक्षक ए डी ख्वाजा ने बताया कि हुसैन के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। एक एमक्यूएम की एक भूख हड़ताल में पाकिस्तान विरोधी भाषण के लिए देशद्रोह का मामला और दूसरा पार्टी कार्यकर्ताओं को हिंसक प्रदर्शनों के लिए भड़काने का मामला है।

मामला ‘एआरवाई न्यूज’ के कार्यालय पर हमले, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आगजनी करने और पुलिस पर पत्थरबाजी करने से जुड़ा है। हुसैन ने लंदन से अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं को मीडिया प्रतिष्ठानों पर हमला करने और पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी करने के लिए उकसाया, जिसके बाद कल कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश