1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. शी ने चीनी सेना से कहा, पार्टी के प्रति वफादार रहो, जंग के लिए तैयार रहो

शी ने चीनी सेना से कहा, पार्टी के प्रति वफादार रहो, जंग के लिए तैयार रहो

 Reported By: PTI
 Published : Oct 27, 2017 06:54 pm IST,  Updated : Oct 27, 2017 06:54 pm IST

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 5 साल का अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करते हुए देश की 23 लाख जवानों वाली सेना को सत्तारुढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति पूरी तरह निष्ठा रखने का आदेश दिया है...

Xi Jinping | AP Photo- India TV Hindi
Xi Jinping | AP Photo

बीजिंग: चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 5 साल का अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करते हुए देश की 23 लाख जवानों वाली सेना को सत्तारुढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति पूरी तरह निष्ठा रखने का आदेश दिया है और इस बात पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है कि जंग कैसे जीती जाए। कम्युनिस्ट पार्टी की 5 साल में एक बार होने वाली कांग्रेस में शी को पार्टी, सेना की कमान और राष्ट्रपति पद देने पर मुहर लगाई गई। इस सप्ताह हुई कांग्रेस में शी के सिद्धांतों को संविधान में शामिल करने को भी मंजूरी दी गई। इस लिहाज से वह आधुनिक चीन के संस्थापक अध्यक्ष माओ त्से तुंग और उनके उत्तराधिकारी देंग शियाओपिंग के स्तर वाले नेता माने जा सकते हैं।

64 वर्षीय शी ने गुरुवार को शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अपने दूसरे कार्यकाल की शुरूआत की थी। चीन में दुनिया की सबसे बड़ी सेना को वहां के शक्ति-आधार का मुख्य स्रोत माना जाता है। चीन की सेना का संपूर्ण नियंत्रण रखने वाले सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (CMC) के प्रमुख शी इस शक्तिशाली आयोग के एकमात्र असैन्य नेता है। इसके अन्य पदाधिकारियों में सशस्त्र बलों के सबसे वरिष्ठ अफसर हैं। CMC के नए नेतृत्व का खुलासा बुधवार को किया गया जिसकी अगुवाई 7 लोगों का एक समूह करेगा। उनके नीचे 11 सदस्य होंगे। पहले खबरों में कहा जा रहा था कि पिछले 5 साल में व्यापक भ्रष्टाचार निरोधक आंदोलन चलाकर अपनी ताकत बढ़ाने वाले शी पार्टी की स्थाई समिति के सदस्यों की संख्या 7 से 5 करना चाहते हैं। उनके इस अभियान में 10 लाख से अधिक अधिकारियों को दंडित किया गया था।

हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट अखबार की खबर के अनुसार शीर्ष सैन्य अधिकारियों की गुरुवार रात हुई बैठक में कुछ आला अफसरों की गैर-मौजूदगी भी साफ दिखी। शी ने आला सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक में उन्हें पार्टी के प्रति वफादार रहने का आदेश दिया। साथ ही जंग जीतने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित करने, नए सुधारों की शुरूआत करने, सैन्य इकाई का प्रबंधन वैज्ञानिक तरीकों से करने और सख्त से सख्त मानदंडों के अनुरूप सैनिकों का नेतृत्व करने को भी कहा गया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेन गुओकियांग ने गुरुवार को कहा कि सेना को मजबूत करने की शी की योजना को पूरी तरह अमल में लाया जाएगा और उनका दबदबा कायम रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश