बीजिंग: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के कई हिस्सों में तबाही मचाने वाले 7.5 तीव्रता के भूकंप में जानमाल के नुकसान पर शोक जताते हुए चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने संकल्प लिया है कि चीन आपदा से प्रभावित दोनों देशों को राहत पहुंचाने में मदद करेगा। सोमवार को उत्तरी अफगानिस्तान की हिंदुकुश पर्वत श्रृंखला में 7.5 तीव्रता का तेज भूकंप आया था। इस भूकंप में पाकिस्तान और अफगानिस्तान में 300 से ज्यादा लोग मारे गए। भूकंप के झटके भारत और चीन में भी महसूस किए गए थे।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन को भेजे गए संदेश में शी ने कहा कि कि चीन और पाकिस्तान सर्वकालिक सहयोग के रणनीतिक सहयोगी हैं और चीनी जनता भी पाकिस्तानी जनता के दर्द को महसूस करती है। शी ने अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी को भी संदेश भेजा। संदेश में शी ने कहा कि चीन और अफगानिस्तान के बीच एक पारंपरिक मैत्री है और चीनी जनता भूकंप के कारण अफगानिस्तान में हुए जान-माल के नुकसान से दुखी है। चीनी नेता ने जरूरत पड़ने पर दोनों देशों को मदद उपलब्ध कराने का संकल्प लिया और यह विश्वास जताया कि दोनों देश इस आपदा के बाद पैदा हुए हालात से उबर सकते हैं और अपने देशों का पुनर्निर्माण कर सकते हैं।